भुवनेश्वर। लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ‘ओडिशा बचाओ’ रैली के जरिए शक्ति प्रदर्शन किया है। इससे पहले भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का भव्य स्वागत किया गया।
वहीं, भुवनेश्वर में सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे हर किसी को ED की नोटिस दे रहे हैं। वे लोगों को डरा रहे हैं। डर के कारण, कुछ दोस्ती छोड़ रहे हैं, कुछ पार्टी और कुछ गठबंधन छोड़ रहे हैं। यह आपके लिए मतदान करने का आखिरी मौका है। इसके बाद कोई मतदान नहीं होगा।
मल्लिकार्जुन खरगे ने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी से दोस्ती से नवीन पटनायक को क्या मिला? डबल इंजन कई बार फेल हो जाता है और जब डबल इंजन ठीक से काम नहीं करता तो पहला इंजन भी विफल रहता है।
अजय कुमार ने भी BJP-BJD पर साधा निशाना
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अजय कुमार ने कहा कि ओडिशा में आज जितने बड़े कल कारखाने या बुनियादी सुविधाएं हैं, वह सब कांग्रेस की देन है। हीराकुद डैम भी कांग्रेस ने बनाया है। तालचेर प्रोजेक्ट, नालको, राउरकेला स्टील प्लांट कांग्रेस की देन है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बाद ओडिशा के लिए किसी ने कुछ नहीं किया। राजीव गांधी ने पूरे देश ने कम्प्यूटर क्रांति लाए। वन अधिकार कानून कांग्रेस लायी है। 99 प्रतिशत लोगों के लिए कांग्रेस काम करती है। हमारे लिए सब बराबर है। कांग्रेस ने हमेशा लोगों के लिए सोचा है। 24 साल से मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ओडिशा के मुखिया हैं, मगर प्रदेश के विकास के लिए कुछ नहीं किया है।