रांची। झारखंड के कई इलाकों में आज भी बारिश जारी रहने का अनुमान है। रांची मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिम विक्षोभ का तीव्र असर झारखंड में देखा जा रहा है। इसके अलावा बंगाल में सिस्टम बना है, जिस कारण राज्य में अच्छी खासी बारिश देखी जा रही है। आज भी पूरे राज्य में झमाझम बारिश की संभावना है व वज्रपात और ओलावृष्टि को लेकर लोगों को थोड़ा सचेत रहने की जरूरत है. इसे लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम केंद्र के अनुसार, आज पूरे राज्य में अच्छी खासी बारिश दर्ज की जाएगी। वहीं, पूरे राज्य में वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट भी जारी की गई है व कुछ जिलों में तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है, जिनमें गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, रांची, हजारीबाग, चतरा, सिमडेगा, खूंटी व बोकारो में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया वही ओलावृष्टि को लेकर कुछ जिलों में विशेष चेतावनी जारी की गई है, जिनमें खासतौर पर गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार शामिल है। यहां पर खासकर किसान भाइयों को काफी सचेत रहने की जरूरत है। उन्हें अपनी फसल की खास देखभाल करनी होगी।