नई दिल्ली। ईडी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया है। ईडी ने पहले 10वां समन जारी किया और उसके बाद उनके आवास पर पहुंची। जहां सीएम से दो घंटे तक पूछताछ की। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
बता दें कि शाम सात बजे ईडी की टीम सीएम के सरकारी आवास पर पहुंची थी। ईडी ने 2 घंटे से भी ज्यादा लंबी चली पूछताछ में 20 से ज्यादा सवाल पूछे गए थे। सूत्रों ने बताया कि केजरीवाल ने कई सवालों के जवाब नहीं दिए। वहीं इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अब इसके बाद अरविंद केजरीवाल को ED के कार्यालय ले जाया जाएगा। उधर केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई है। आम आदमी पार्टी ने इस मामले में आज ही सुनवाई की मांग की है।
इससे पहले दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने कहा कि अगर सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी होती है तो जेल से सरकार चलाई जाएगी। सीएम अपना इस्तीफा नहीं देंगे।
इससे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी की गिरफ्तारी से राहत नहीं मिल पाई थी। दिल्ली हाई कोर्ट ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर रोक लगाने से इनकार कर दिया और कहा कि इस स्तर पर हम अंतरिम राहत देने के इच्छुक नहीं हैं।
दरअसल ईडी के समन पर केजरीवाल पूछताछ के लिए नहीं पहुंच रहे थे, उन्होंने कोर्ट से इस बात की श्योरिटी मांगी थी कि अगर वह पूछताछ के लिए जाते हैं तो उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। इस पर कोर्ट ने कहा कि, समन के जवाब में केजरीवाल को ईडी के सामने पेश होना होगा, उनकी गिरफ्तारी पर रोक नहीं है।
केजरीवाल के वकील ने कहा कि इस मामले में गिरफ्तारी से सुरक्षा की आवश्यकता है क्योंकि चुनाव नजदीक होने पर उन्हें पकड़ने की एजेंसी की मंशा स्पष्ट है। मुख्यमंत्री ने ईडी के समन को अवैध बताते हुए एजेंसी के समक्ष पेश होने से लगातार इनकार किया है। यह मामला 2021-22 के लिए दिल्ली सरकार की आबकारी नीति को तैयार करने और क्रियान्वित करने में कथित भ्रष्टाचार से संबंधित है।
इस विवादित नीति को बाद में रद्द कर दिया गया था। उपराज्यपाल वी.के.सक्सेना की सिफारिश के बाद सीबीआई ने कथित भ्रष्टाचार के मामले में प्राथमिकी दर्ज की और इसके आधार पर ईडी ने मनी लांड्रिंग के आरोप की जांच शुरू की। इस मामले में दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, सांसद संजय सिंह को ई़डी गिरफ्तार कर चुकी है। पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन भी जेल में हैं।