मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। बॉलीवुड एक्टर गोविंदा ने शिवसेना शिंदे गुट का दामन थाम लिया है। बालासाहब ठाकरे भवन में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी ज्वॉइन की। बताया जा रहा है कि वे मुंबई उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं।
इस अवसर पर गोविंदा ने कहा कि एकनाथ शिंदे जी का धन्यवाद, आज के दिन शिवसेना जॉइन करने का मतलब भगवान से मिली प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि 2004 से 2009 तक कांग्रेस पार्टी का सांसद रहा। अब चौदह बरस के बनवास के बाद शिवसेना में शामिल हुआ हूं। गोविंदा ने कहा मुंबई अब पहले सुंदर और विकसित दिखाई पड़ रही है। यहां विकास के काम हो रहे हैं ।
इससे पहले शिंदे गुट के नेता कृष्णा हेगड़े ने गोविंदा से उनके आवास पर मुलाकात की थी, तभी से कयास लगाए जा रहे थे कि वे शिवसेना शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं। सीएम एकनाथ शिंदे की ओर से गोविंदा को लोकसभा चुनाव लड़ाया जा रहा है। वे मुंबई उत्तर पश्चिम सीट से ताल ठोक सकते हैं। शिवसेना यूटीबी ने अमोल कीर्तिकर को इस सीट से चुनावी मैदान में उतारा है। अगर शिवसेना शिंदे गुट ने टिकट दिया तो गोविंदा मुंबई ईस्ट वेस्ट पर अमोल कीर्तिकर को कड़ी चुनौती दे सकते हैं।