जयपुर| राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और वह अपने कार्यकर्ताओं का ख्याल रखती है। भजनलाल ने अपना उदाहरण देते हुए कहा कि पिछले साल पार्टी के विधानसभा चुनाव जीतने के बाद जब मुख्यमंत्री पद के लिए उनके नाम की घोषणा की गई, तो वह कुछ समय के लिए स्थिति को “समझ” नहीं सके।
भजनलाल ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मैं एक छोटा-सा कार्यकर्ता आप सभी के बीच में से आया हूं। जब विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री पद के लिये मेरा नाम पुकारा गया तो एक बार तो मेरी समझ में नहीं आया… इसलिए मैं आप सभी से कहना चाहता हूं कि पार्टी कार्यकर्ता का ख्याल रखती है और उनका काम पार्टी की नजर में रहता है।” उन्होंने कहा, ”भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कार्यकर्ता सर्वोच्च है।
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लोकसभा चुनाव में विदेशी ताकतों का दखल रहा। उन्होंने कहा, ‘‘लोकसभा चुनाव में विदेशी ताकतें भी शामिल रही हैं ये चाहती हैं कि हमारे देश में किसी भी तरह भारतीय जनता पार्टी की सरकार न रहे… जिस तेजी से भारत बढ़ रहा है, यह हमारे विरोधियों को रास नहीं आ रहा है। कई ताकतें इस प्रयास में लगी हुई हैं कि किसी भी कीमत पर भारतीय जनता पार्टी को नुकसान पहुंचे, इसलिये सारे के सारे ऐसे तत्व इकठ्ठा हो गये हैं।