चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने सरपंचों का मानदेय और पेंशन बढ़ाकर पंचायती राज व्यवस्था को और मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हाल ही में पंचकूला में आयोजित एक कार्यक्रम में कई अहम घोषणाएं की हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने एलान किया है कि अब सरपंचों को 2,000 रुपए की जगह 5,000 रुपए बतौर मानदेय मिलेगा। साथ ही साथ पंचायती राज के पूर्व प्रतिनिधियों की पेंशन में भी डेढ़ गुना का इजाफा कर दिया गया है।
हरियाणा सरकार के इस फैसले का असर ये होगा कि जो लोग बहुत ही योग्य होते हैं, लेकिन आर्थिक जरूरतों को पूरा नहीं कर पाने की वजह से जनसेवा के इन कार्यों से दूरी बना लेते हैं, उन्हें भी अब इसे एक करियर के रूप में देखने की वजह मिलेगी।