भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य के युवाओं को रोजगार के मौके प्रदान करने के लिए ब्यूटी एंड वैलनैस क्षेत्र में सैंटर आफ एक्सीलेंस स्थापित करेगी. इसके अंतर्गत मंगलवार को पंजाब कौशल विकास मिशन ( पीएसडीएम) द्वारा राज्य के 300 उम्मीदवारों को प्रशिक्षण और रोजगार देने के लिए हेयर रेजरज एलएलपी के साथ समझौता किया गया है. पंजाब के रोज़गार उत्पति, कौशल विकास और प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा की मौजूदगी में पीएसडीएम के मिशन डायरेक्टर अमृत सिंह और हेयर रेजरज एलएलपी के मैनेजिंग डायरेक्टर मुनीश बजाज ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए. अरोड़ा ने बताया कि हेयर रेजरज एलएलपी द्वारा उम्मीदवारों को मुफ्त प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा.
प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा ने बताया कि पीएसडीएम की संकल्प योजना के अंतर्गत किए गए इन समझौतों का उदेश्य असिस्टेंट हेयर ड्रेसर एंड स्टाईलिस्ट, प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट, असिस्टेंट नेल टैकनीशियन, और नेल टैकनीशियन सहित अलग-अलग कौशल विकास कोर्स में प्रशिक्षण प्रदान करना है. उन्होंने यह भी बताया कि पीएसडीएम इस समझौते को प्रभावशाली ढंग से लागू करने के लिए मार्गदर्शन, फंडिंग और सहायता प्रदान करने के साथ-साथ संबंधी साझेदारों के साथ तालमेल करेगा. और उम्मीदवारों को लामबंद करने में सहायता करेगा.
रोजगार उत्पत्ति मंत्री ने तेजी के साथ बढ़ रहे इस सेवा क्षेत्र में युवाओं को कौशल बनाने संबंधी इस प्रयास के लिए दोनों पक्षों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह समझौता पंजाब के युवाओं को कौशल बना कर रोजगार प्रदान करने और राज्य के आर्थिक विकास में योगदान देने की तरफ एक अहम कदम है.