चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस की एक दशक की सरकार के मुकाबले भाजपा का 10 साल का कार्यकाल बेमिसाल रहा है। कांग्रेस के भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए प्रदेश में भाजपा सरकार पोर्टल सिस्टम लेकर आई, जिससे हर सेवा व योजना में पारदर्शिता आई है। वर्ष 2014 से पहले प्रदेश की सड़कों पर चलना मुश्किल होता था, लेकिन अब सड़क निर्माण को लेकर विकास कार्यों की झड़ी लगा दी गई है। हुड्डा पिता-पुत्र बेरोजगारी के मामले में झूठ फैला रहे हैं।
मुख्यमंत्री नायब सैनी राई विधानसभा क्षेत्र में गांव भैरा बांकीपुर में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कांग्रेस की हरियाणा मांगे हिसाब यात्रा को लेकर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सोनीपत के राई क्षेत्र को करीब 112 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी, साथ ही महाराणा प्रताप की विशाल प्रतिमा का अनावरण भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले सरकारें सिर्फ घोषणा करती थीं, लेकिन उन पर अमल नहीं होता था। लोग सरकार के सब्जबाग से परेशान थे। प्रदेश में बिजली के लिए हा-हाकार मचता था और लोग बिजली की मांग को लेकर जुलूस निकालते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय में 24 घंटे बिजली मिल रही है। व्यवस्था को सुधार कर भाजपा ने लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने डेढ़ लाख लोगों को बिना पर्ची, बिना खर्ची नौकरी दी है। वर्ष 2014 से पहले बुजुर्गों को मात्र 500 रुपये पेंशन मिलती थी और हमने सत्ता में आने के बाद 1000 रुपये पेंशन लागू की। इस समय प्रदेश के 20 लाख लोगों को 3000 रुपये वृद्धावस्था सम्मान भत्ता मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश संविधान के अनुसार कार्य कर रहा है। देश व प्रदेश उन्नति के पथ पर अग्रसर है।