कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी में कुएं में उतरे चार मजदूरों की जहरीली गैस की वजह से मौत के बाद सीएम मोहन यादव ने मुआवजे का एलान कर दिया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शोक जताते हुए मृतकों के परिवार के लिए चार-चार लाख रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की है।
मामला कटनी जिले के मुड़वारा विधानसभा के ग्राम जुहली में कुएं में सबमर्सिबल पंप लगाने चार लोग उतरे थे। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किसान द्वारा अपने खेत के कुएं में सबमर्सिबल मोटर पंप लगाते समय जहरीली गैस के रिसाव से हुई दुर्घटना में 4 अनमोल जिंदगियों के असामयिक निधन के समाचार को हृदयविदारक बताते हुए शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से प्रार्थना की है कि दिवंगतों की पुण्य आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की है।