जयपुर। सहकारिता मंत्री गौतम कुमार गुरुवार को विधानसभा में 23 हजार करोड़ रुपए का फसली ऋण उपलब्ध कराने, किसानों को किराए पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के लिए एक हजार नए कस्टम हायरिंग सेंटर खोलने और 700 पदों पर भर्ती की घोषणा की।
सहकारिता मंत्री गौतम कुमार गुरुवार को विधानसभा में सहकारिता विभाग की अनुदान मांग पर बहस का जवाब दे रहे थे। सहकारिता विभाग के खर्चों के लिए 19 अरब 80 करोड़ 29 लाख 71 हजार रुपए देने का प्रस्ताव पारित कर दिया। उन्होंने बताया कि भजनलाल सरकार 24 लाख किसानों को फसली लोन दे चुकी। आने वाले दिनों में प्रथम चरण में 5 लाख परिवारों को गोपाल क्रेडिट कार्ड दिए जाएंगे, जिसके माध्यम से एक लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण मिल सकेगा।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि आमजन को सस्ती व अच्छी वस्तुएं उपलब्ध कराने के लिए सहकारी उपभोक्ता होलसेल भण्डारों का मॉडर्नाइजेशन किया जाएगा। सहकारिता राज्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश की 20 प्रतिशत आबादी सहकारिता से जुड़ी है। राजस्थान की 41 हजार सहकारी समितियों की 21 हजार 480 करोड़ रुपए से अधिक हिस्सा पूंजी व एक लाख 37 हजार 96 करोड़ रुपए से अधिक कार्यशील पूंजी है। मौजूदा वित्तीय वर्ष में 23 हजार करोड़ रुपए का फसली ऋण वितरण किया जाएगा और 5 लाख नए सदस्य जोड़े जाएंगे।