फतेहाबाद। फतेहाबाद के अनाजमंडी में आयोजित प्रगति रैली को संबोधित करते हुए हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार करने वाले आज जवाब मांग रहे हैं, जबकि प्रदेश का युवा, बुजुर्ग और किसान उन्हें जवाब दे रहे हैं। सीएम ने कहा कि पूर्व की सरकारें कमीशन मोड में काम करती थीं, जबकि भाजपा सरकार एक्शन मोड में काम कर रही है। फतेहाबाद में 300 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का सीएम ने शिलान्यास और उद्घाटन किया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज फतेहाबाद पहुंचे। फतेहाबाद की अनाजमंडी में आयोजित प्रगति रैली को उन्होंने संबोधित किया। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडोली, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, और सिरसा संसदीय सीट से प्रत्याशी रहे डॉ. अशोक तंवर भी मौजूद थे। रैली को संबोधित करते हुए सीएम ने भाजपा कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को गिनवाया और कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया।
सीएम ने कहा कि भ्रष्टाचार करने वाले आज हिसाब मांग रहे हैं। आज प्रदेश का युवा, जिन्हें बिना पर्ची, बिना खर्ची नौकरी मिली है, वो जवाब दे रहे हैं, प्रदेश के बुजुर्ग, जिनकी घर बैठे पेंशन बन रही है और सीधे उनके खाते में पैसे आ रहे हैं, वो जवाब दे रहे हैं। प्रदेश के किसान, जिनकी फसलों का मुआवजा और बीमा सीधे उनके खातों में पहुंच रहा है, वो जवाब दे रहे हैं।