जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज नीति आयोग की बैठक में शामिल होंगे। शासी परिषद की दिल्ली में आयोजित होने वाली यह 9वीं बैठक होगी, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इस मीटिंग में विकसित भारत से जुड़े मुद्दे और उन्हें पूरा करने के लिए वित्तीय जरूरतों पर चर्चा होगी। भारतीय जनता पार्टी शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री आज होने वाली नीति आयोग की बैठक में भाग लेने के लिए शुक्रवार देर रात ही राष्ट्रीय राजधानी पहुंच गए।
उनके अलावा छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी देर रात दिल्ली पहुंच गए।
इस वर्ष बैठक की थीम ‘विकसित भारत@2047’ है, जिसका मुख्य फोकस भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है। गवर्निंग काउंसिल की बैठक में विकसित भारत@2047 पर विज़न दस्तावेज़ के दृष्टिकोण पत्र पर चर्चा होगी।