जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार जन-जन तक मूलभूत चिकित्सा सेवाओं को पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आमजन को घर के नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ हो सके, इसके लिए स्वास्थ्य ढांचे का विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है।
रविवार को बीकानेर के मूलवास-सिलवा में संत दुलाराम कुलरिया राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकार के तहत कुलरिया परिवार की ओर से निर्मित करवाया गया यह प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्थानीय क्षेत्र और आमजन के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। संत दुलाराम ने गौ सेवा एवं समाज सेवा को अपने जीवन का मंत्र बनाकर करूणा और परोपकार की भावना को जगाया। उनकी स्मृति में यह पीएचसी उनके आदर्शों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि और कार्यों का सार्थक सम्मान है। उन्होंने कहा कि पीएचसी को सीएचसी बनाने के सामाजिक सरोकार के कार्य में सरकार भी पूर्ण सहभागिता निभाएगी।