रायपुर। छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल रमेन डेका ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। राजभवन में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने रमेन डेका को राज्यपाल पद की शपथ दिलाई। उन्होंने अंग्रेजी में ईश्वर के नाम पर शपथ ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राज्य के मंत्री और वरिष्ठ नौकरशाह उपस्थित थे।
असम के निवासी डेका दो बार-2009 और 2014 में लोकसभा के लिए चुने गए थे। वह भाजपा के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं। डेका भाजपा में राष्ट्रीय सचिव के पद पर भी थे। उन्होंने भाजपा की असम इकाई के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त होने के बाद डेका मंगलवार को राजधानी रायपुर पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
इस दौरान डेका ने कहा कि वह छत्तीसगढ़ में विकास को नये स्तर पर पहुंचाने के लिए काम करेंगे और केंद्र तथा राज्य के बीच सूत्रधार की भूमिका निभाएंगे, ताकि प्रदेश का विकास तेजी से हो सके।