चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह को फोन करके पेरिस ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल मैच के लिए शुभकामनाएं दी। फोन पर बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने अफसोस जताया कि वे पेरिस जाकर भारतीय हॉकी टीम का हौसला बढ़ाना चाहते थे, लेकिन दुर्भाग्यवश इसकी अनुमति नहीं मिली।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राजनीतिक कारणों से उनको मंजूरी देने इनकार कर दिया गया। भगवंत सिंह मान ने कहा कि वे मैच के दौरान भारतीय हॉकी टीम के साथ रहना चाहते थे, लेकिन अब उन्हें टीवी स्क्रीन पर लाइव देखना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भले ही मुझे अनुमति देने से इनकार किया गया है, लेकिन पूरा देश और खासतौर पर पंजाब इस मैच के दौरान हॉकी के नायकों के साथ होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि हॉकी टीम पेरिस ओलंपिक में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर सफलता की नई कहानी लिखेगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पूरा देश इस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। उन्होंने कहा कि पदक लेकर घर लौटने वाली हॉकी टीम का भव्य स्वागत किया जाएगा।