रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान नौ से 15 अगस्त तक तिरंगा यात्राएं, तिरंगा रैलियां और तिरंगा मैराथन आयोजित होंगी।
उन्होंने बताया कि देश की आजादी का प्रतीक तिरंगा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य के हर घर में लहराएगा। साय ने आज अपने निवास कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आए लोगों को राष्ट्र ध्वज तिरंगा वितरित कर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की।
सीएम साय ने कहा कि स्वतंत्रता सप्ताह नौ से 15 अगस्त तक मनाया जा रहा और उसके अंतर्गत ‘हर घर तिरंगा’ आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी भारतीय नागरिकों को राष्ट्र ध्वज अपने घर पर फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।