नई दिल्ली। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज अपने एक दिवसीय दौरे पर दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है कि दिल्ली में कुंवर नटवर सिंह को श्रद्धांजलि देंगे। हालांकि इस बीच राज्यसभा चुनाव, उपचुनाव और राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा करेंगे।
बता दें कि आठ राज्यों की 11 राज्य सभा सीटों पर उप चुनाव अगले महीने होने हैं। 3 सितंबर को मतदान होगा. ऐसे में राज्यसभा चुनाव की तैयारी जोरों पर है। राजस्थान में एक राज्यसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं। बहुमत के हिसाब से बीजेपी के खाते में यह सीट आना तय हैं, लेकिन राज्यसभा से उम्मीदवार कौन होगा इसको लेकर मंथन का दौर जारी है। चर्चा है कि सीएम भजन लाल शर्मा आज दिल्ली में राज्यसभा के उम्मीदवार को लेकर भी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की चर्चा कर सकते हैं।
इसके साथ ही प्रदेश की 6 विधानसभा सीटों पर होने वाले उप चुनाव और राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर भी चर्चा करेंगे, हालांकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का यह एक दिवसीय दौरा है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार देर शाम तक सीएम भजन लाल शर्मा वापस जयपुर लौटेंगे।