चंडीगढ़। पंजाब में बुधवार को अकाली दल के इकलौते दलित विधायक डॉ. सुखविंदर सुखी आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। सीएम भगवंत मान ने उनका पार्टी में स्वागत किया। आपको बता दें कि डॉ. सुखविंदर सुक्खी ने अकाली दल के टिकट से जालंधर से लोकसभा चुनाव लड़े थे। इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वह अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल के करीबी नेताओं में से एक थे। अकाली दल के पास केवल तीन विधायक थे, जिनमें से बंगा से विधायक डॉ. सुक्खी अब आप में शामिल हो गए हैं।
इस दौरान मान ने एनएचएआई मामले में कहा कि हमने केंद्र को जवाब दे दिया है। केंद्र पहले यूपी और हरियाणा में लॉ एंड आर्डर की स्थिति को देखे। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से पंजाब में चल रहे प्रोजेक्ट को लेकर मान ने कहा कि लुधियाना और जालंधर में जो दो मामले सामने आए थे वह ठेकेदारों की पेमेंट को लेकर के आपस में हुए विवाद को लेकर था।
मान ने कहा कि बाकी प्रोजेक्ट के इर्द-गिर्द जिन भी किसानों के जमीन अधिग्रहण के मुआवजे को लेकर मामला लंबित है। उसको लेकर सरकार की ओर से आर्बिट्रेटर के साथ ऐसे मामलों की समीक्षा कर बीच का रास्ता निकालने का प्रयास किया जाएगा।