जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकार ने खाटू बाबा के स्पेशल कॉरिडोर की घोषणा की है. 100 करोड़ तो खाटू के लिए पहला बजट है. विधानसभा में प्रदेश के हर जिले व विधानसभा को सौगात दी गई है. पानी से जुड़ी परियोजना के बारे में सीएम ने कहा कि जिस परियोजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करते हैं, उसका उद्घाटन भी मोदी ही करते हैं.
पंडित हरीनाथ चतुर्वेदी की 100वीं शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सीकर के विद्यार्थी शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ते जा रहे है और देश में प्रदेश व सीकर का नाम रोशन कर रहे है. कोटा में तो केवल कोचिंग चलती है, लेकिन सीकर में पढ़ाई के साथ बच्चों की नींव भी मजबूत होती है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार भी शिक्षा में सुधार और विकास के लिए प्रतिबद्ध है, इसके लिए कई योजनाएं शुरू की गई है. इसके साथ ही सरकार ने स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए भी कई घोषणाएं की है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले 2 साल में 20 आईटीआई और 10 पॉलिटेक्निक कॉलेज खोले जा रहे हैं. हम युवाओं के विकास के लिए युवा नीति 2024 लेकर आ रहे हैं. जिससे युवाओं का सर्वांगीण विकास होगा. कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के शासन में युवा और उनके पिता की आंखों में आंसू रहते थे, क्योंकि पेपर लीक हो रहे थे. हमने सत्ता में आने से पहले एसआईटी गठित करने का वादा करते हुए कहा था कि जिन्होंने युवाओं की आंखों में आंसू लाए हैं. उन्हें किसी हाल में नहीं छोड़ेंगे, धीरे-धीरे जांच बढ़ रही है. जिस किसी ने भी युवाओं के साथ धोखा किया है, उन्हें सरकार किसी कीमत पर छोड़ने वाली नहीं है.