जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकसभा की 543 में से 99 सीट पाकर भी खुश हो रही है. उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में बीजेपी की सरकार लंबे समय तक चलेगी. चौथी बार भी देश में बीजेपी की सरकार आएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू कश्मीर चुनाव के लिए कांग्रेस ने नेशनल कांफ्रेंस से गठबंधन किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि आतंकवाद को बढ़ावा देने वाली पार्टी के साथ कांग्रेस गठबंधन कर रही है.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस का मतलब ‘भ्रष्टाचार’ बताया. जोधपुर शहर में सड़कों की बदहाली पर जांच कराने की बात कही. उन्होंने कहा कि जोधपुर के लिए स्पेशल पैकेज सरकार देने जा रही है.
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाने की नसीहत दी. उन्होंने कहा कि जनता का छोटा काम भी बहुत महत्वपूर्ण होता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को मजदूरों और गरीबों की समस्याओं से कभी नाता नहीं रहा. उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंतिम व्यक्ति का उदय चाहते थे. इसलिए अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को आगे लाने के लिए विचार करना होगा.