चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में सरेंडर करने वाली कांग्रेस विधानसभा चुनाव में औंधे मुंह गिरेगी। नायब सैनी ने कहा कि बीजेपी को अल्पमत में बताने वाली, जिस कांग्रेस ने राज्यसभा में नामांकन पत्र भरने से ही गुरेज किया हो, उसका राजनीतिक धरातल क्या होगा ? यह जनता भलीभांति समझ सकती है।
कांग्रेस को अलविदा कहकर भारतीय जनता पार्टी में आई किरण चौधरी के निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुने जाने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को अल्पमत में होने का अनेक बार दावा करने वाली कांग्रेस को किरण चौधरी की जीत के रूप में सच्चाई का आइना दिखाई दे रहा है, जबकि उनकी ओर से बार-बार यहीं कहा जाता रहा था कि 3 मार्च को उन्होंने हरियाणा की विधानसभा में विश्वासमत हासिल किया था।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस फॉर्म भरने तक की हिम्मत नहीं कर पाई। ऐसा करके उन्होंने विधानसभा चुनाव से पहले ही अपनी हार मानते हुए सरेंडर करने का काम किया है। सैनी ने कहा कि सरकार के अल्पमत में होने का दावा करने वाली कांग्रेस विधानसभा चुनाव में भी कहीं दिखाई नहीं देगी और भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में तीसरी बार बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का झूठ हमेशा लोगों के सामने आ ही जाता है। अब इनके झूठ चलने वाले नहीं है। भारतीय जनता पार्टी भी अब इनके झूठ को बिकने नहीं देगी।