चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शिक्षा विभाग में नौकरी पाने वाले 293 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए। इस बीच मुख्यमंत्री मान ने कहा कि अब नौकरियों में सिफारिश का चक्कर खत्म हो गया है। अब योग्य उम्मीदवारों को नौकरियां दी जाती है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान युवाओं को शुभकामनाएं दी और पूरी लगन से काम करने के लिए प्रेरित भी किया।
सीएम ने कहा कि आपको और आपके परिवार को बधाई। इस दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं है। पहले युवाओं ने उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन अब उनकी उम्मीदें पूरी हुई हैं। हमारी सरकार आपके लिए और भी बड़ी कुर्सियां तैयार कर रही है। भगवंत मान ने कहा कि आप लोग साधारण पृष्ठभूमि से आए हैं। इसलिए मेरी आपसे अपील है कि अपने नए पद पर लोगों से रिश्वत न लें।
भाषण के दौरान उन्होंने लोगों को रोजगार देने और राज्य में नागरिकों के टोल टैक्स को बचाने के लिए सरकार के प्रयासों की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने भाषण में कहा कि अब तक हमने 44973 नौकरियां दी हैं। 16 टोल प्लाजा बंद किए हैं हर दिन सभी पंजाबियों का 61 लाख टोल टैक्स बच रहा है।