प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक पिता ने अपनी दो बेटियों की हत्या कर खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक के कमरे से पुलिस को एक डायरी मिली है जिसमें उसने इस पूरी वारदात के पीछे का कारण बताया है।
डायरी में मनीष ने लिखा है कि मेरी और मेरे बच्चों की मौत का जिम्मेदार मेरी मां और मेरा भाई है। मनीष ने आगे लिखा कि मैंने लव मैरिज की थी। मेरी मां और भाई को ये शादी बिल्कुल भी पसंद नहीं थी। इस लिए मुझे इन लोगो ने घर से निकाल दिया। मैं अपने बच्चों और बीवी के साथ एक किराये के कमरे में रहने लगा। मेरी पिता की सरकारी नौकरी थी। उनके मरने के बाद नौकरी भी मेरे भाई को मिल गई। इतना ही नहीं इन्होने मुझे घर की जायदाद से भी बेदखल कर दिया। मेरे भाई और मेरी मां ने मिलकर मुझे बहुत सताया इसलिए मुझे अब जीना नहीं है। इस दुनिया में कुछ नहीं रखा है।
मनीष के दिमाग में ये सब पहले से चल रहा था। मनीष ने अपनी पत्नी को मार्केट भेज दिया था जो घर से थोड़ी दूर पर है। पत्नी के मार्किट जाते ही मनीष ने पहले अपने बच्चों को मौत के घाट उतारा। उसके बाद मनीष ने अपनी पत्नी को फोन मिलाकर पूछा कब तक घर आओगी। इतना पूछते ही मनीष ने फोन काट दिया। उसके बाद कमरे में खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने क्या कहा
DCP दीपक भूकर का कहना है कि मनीष के परिवार में भाई और बहन से झगड़े की बात सामने आई है जो पिता की नौकरी को लेकर है। पुलिस अभी और पूछताछ व साक्ष्य जुटा रही है। उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।