कानपुर। यूपी के कानपुर में एक बड़ी रेल दुर्घटना होते होते बच गई। यहां ट्रेन पलटाने के लिए ट्रैक पर सिलेंडर रख दिया गया। हालांकि ट्रेन के लोको पायलट ने वक्त रहते एमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को पहले ही रोक दिया वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना आज रविवार सुबह 6:09 बजे की बताई जा रही है। रविवार की सुबह 6:09 बजे दिल्ली- हावड़ा रेलमार्ग पर महाराजपुर के प्रेमपुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक छोटा गैस सिलेंडर रखकर ट्रेन पलटाने की साजिश का रची गई। हालांकि ट्रेन के लोको पायलट ने ट्रैक के बीच में सिलेंडर देख लिया और ट्रेन रोक दी, जिससे कोई हादसा नहीं हुआ। इसके पश्चात उन्होंने सभी संबंधित विभागों को इसकी जानकारी दी। इसके पश्चात रेलवे आईओडब्ल्यू, सुरक्षा बल सहित अन्य टीमों ने सिलेंडर की जांच की और उसे ट्रैक से हटाया।
मौके पर जांच दल मौजूद
इस सिलेंडर की जांच करने पर पता चला कि यह एक 5 लीटर का खाली सिलेंडर है, जो कि ट्रैक पर सिग्नल के थोड़ा पहले रखा हुआ था। इस घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि अगर समय रहते ट्रेन नहीं रोकी गई होती तो बड़ा हादसा भी हो सकता था। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। फिलहाल जिस जगह ट्रैक पर सिलेंडर मिला है, वहीं पर आरपीएफ, जीआरपीएफ और यूपी पुलिस डॉग स्क्वायड के साथ जांच कर रही है।