नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपनी चार विकलांग बेटियों की हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली।
सूत्रों ने बताया कि मृतक हीरा लाल (50) अपनी बेटियों-नीतू, निशी, नीरू और निधि के साथ रहता था, जो अपनी विकलांगता के कारण चलने में असमर्थ थीं। उनकी पत्नी की एक साल पहले कैंसर से मौत हो गई थी। दिल्ली पुलिस के अनुसार, हीरा लाल 1996 से वसंत कुंज स्थित स्पाइनल इंजरी अस्पताल में बढ़ई का काम कर रहा था। सीसीटीवी फुटेज से पता चलता है कि वह 24 सितंबर को घर में दाखिल हुआ था और तब से दरवाजा अंदर से बंद था।
शुक्रवार को हीरा लाल के फ्लैट से बदबू आनी शुरू हुई। इस पर सड़क के दूसरी तरफ स्थित मकान के एक शख्स ने पुलिस को फोन कर बदबू आने की जानकारी दी। जब वसंत कुंज साउथ पुलिस फ्लैट पर पहुंची तो आसपास के लोगों ने बताया कि परिवार कई दिन से दिखाई नहीं दिया है। इस पर पुलिस ने मकान मालिक और अन्य लोगों की उपस्थिति में दरवाजा तोड़ा तो अंदर से भीषण बदबू आनी शुरू हुई। जब पुलिस ने कमरे में प्रवेश किया तो पहले कमरे के बेड पर हीरा लाल का शव पड़ा था। वहीं दूसरे कमरे में चारों बेटियों के शव बिस्तर पर पड़े थे.
एफएसएल टीम को मौके से सबूत जमा करने के लिए बुलाया गया था। सूत्रों के अनुसार, परिवार ने सल्फास खाकर खुदकुशी की है। पुलिस को इस बाबत सबूत भी मिले हैं। पुलिस ने दिल्ली में रहने वाले हीरा लाल के बड़े भाई जोगिंदर को घटना की सूचना दे दी थी। हालांकि, पुलिस को अभी तक सुसाइड नोट नहीं मिला है।