मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर में भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां रोड पर खड़े ट्रक से यात्रियों को ले जा रही बस टकरा गई। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई जबकि 20 से अधिक लोग घायल है। घायलों को इलाज के लिए मैहर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है।
दरअसल, घटना मैहर से 10 किमी दूर रीवा रोड में नादन ग्रामीण इलाके में शनिवार की देर रात हुई है। बस यात्रियों को लेकर प्रयागराज से नागपुर जा रही थी। बस निजी ऑपरेटर की बताई जा रही है। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला हॉस्पिटल पहुंचाया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक से टकराने के बाद बस उसी में चिपक गई। बस को जेसीबी की मदद से काटकर निकाला गया।
उधर, घटना की जानकारी मिलते ही मैहर जिले के पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस के आला अधिकारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत घायल यात्रियों को मैहर के सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका इलाज जारी है जबकि बस के अंदर फंसे मृतकों के शव को जेसीबी कटर के जरिए बाहर निकाला गया। कहा जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। मृतकों और घायलों में ज्यादातर यात्री उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं।