मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की मुंबई में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मुंबई पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को पकड़ लिया है। संदेह जताया जा रहा है कि मामले में लॉरेंस बिश्नोई का हाथ है। राजनैतिक मुद्दों से दूर रहने वाले ज्यादातर लोग बाबा सिद्दीकी को उनकी इफ्तार पार्टी के लिए जानते थे। जिसमें पूरा बॉलीवुड उमड़ पड़ता था। बाबा की इफ्तार पार्टियां इतनी शानदार और आलीशान होती थी कि हर छोटे से बड़ा कलाकार उनकी पार्टी में एक बुलावे से पहुंच जाता था। ये बात कम लोग ही जानते हैं कि यही पार्टी शाहरुख खान और सलमान खान का सालों पुराना झगड़ा खत्म होने की वजह रही थी।
दरअसल साल 2013 में बाबा सिद्दीकी ने ईद के मौके पर इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था। सलमान खान और शाहरुख खान इस पार्टी में मौजूद थे। इस पार्टी में बाबा सिद्दीकी ने दोनों अभिनेताओं के बीच फिर से दोस्ती कराई थी। उस पार्टी में जब सलमान सभी से मिल रहे होते हैं, तो वह कुर्सी पर बैठे शाहरुख खान की ओर भी दोस्ती का हाथ बढ़ाते हैं। शाहरुख भी सलमान खान की ओर से बढ़े हाथ को थामते हैं और उनसे गले मिलते हैं। इसके पीछे बाबा सिद्दीकी ने अहम भूमिका निभाई थी। बाबा सिद्दीकी पार्टी में दोनों सितारों को अपने साथ बातचीत के लिए ले गए थे और दोनों की वर्षों पुरानी दुश्मनी को खत्म करा दिया था।
क्यों हुआ था शाहरुख-सलमान का झगड़ा?
दरअसल, एक समय में शाहरुख-सलमान अच्छे दोस्त हुआ करते थे। एक बार तो शाहरुख ने अपना अवॉर्ड तक सलमान के नाम कर दिया था। हालांकि साल 2008 में कटरीना कैफ की बर्थडे पार्टी में दोनों के बीच बहस हो गई थी। दोनों ने एक-दूसरे को जमकर खरी-खोटी सुनाई, जिसके बाद से ही दोनों के बीच की दुश्मनी जगजाहिर हो गई। पब्लिक इवेंट में दोनों एक-दूसरे से कटे-कटे रहते थे और दोनों के बीच चल रही कॉल्ड वॉर का असर भी उनके बयानों में दिखते थे। ये दुश्मनी करीब 5 साल तक चली, जिस पर बाबा सिद्दीकी ने विराम लगाया था।