सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में शुक्रवार शाम करीब 6 बजे एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 3 लोगों की जान चली गई और लगभग 22 लोग घायल हो गए. इनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार, बलरामपुर के देवीपाटन मंदिर से मुंडन कार्यक्रम के बाद 53 श्रद्धालुओं से भरी एक बस सिद्धार्थनगर लौट रही थी.तभी चरिगहवा नाले के पास एक साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी।
इस दुर्घटना को लेकर एसपी प्राची सिंह ने बताया कि शाम 6 बजे पुलिस को दुर्घटना कि सूचना मिली। तुरंत ही पुलिस बल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर बस को निकलवाया। इस घटना में 3 लोगों की मौत हुई है। अन्य घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। वहीं, डीएम राजा गणपति आर ने बताया कि इस दुर्घटना में 22 लोग घायल हुए है। सायकिल सवार को बचाने में यह घटना हुई है। पूरी जानकारी विवेचना के बाद मिल पाएगी।