जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक आर्डनेंस फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ है। इस दौरान पास खड़े कर्मचारी एलेक्जैंडर टोप्पो की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे कर्मचारी रणवीर सिंह ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस बम धमाके में 6 से ज्यादा कर्मचारी घायल बताए जाते हैं जिन्हें निजी अस्पताल रेफर किया गया है। बम ब्लास्ट की सूचना के ठीक बाद क्षेत्रीय विधायक अशोक रोहाणी और निर्माणी के मुख्य महाप्रबंधक एमएन हालदार मौके पर पहुंचे और घायलों को देखने अस्पताल गए।
ये धमाका इतना जोरदार था कि इसमें एक पूरी बिल्डिंग ही ढह गई। बिल्डिंग के मलबे में कई लोगों के दबे होने की खबर सामने आई है। घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन बचाव कार्य में जुटा हुआ है। घटनास्थल पर कई एंबुलेंस और पुलिस मौजूद हैं। एंबुलेंस की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
धमाके की ये घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। इस धमाके के दौरान फैक्ट्री में करीब 12-13 लोग काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी थी, जिससे पूरा इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फैक्ट्री सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर मौजूद अधिकारी ने बताया कि धमका बिल्डिंग नंबर 201 में हुआ था। धमाके से पूरी बिल्डिंग ही ध्वस्त हो गई। इतना ही नहीं बिल्डिंग का मलबा दूर तक जा गिरा। इसमें आसपास काम कर रहे लोग भी घायल हो गए हैं। घायलों को ओएकके अस्पताल ले जाया गया था, जहां से उन्हें महाकौशल अस्पताल रेफर किया गया। इस घटना में 4 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।