रांची। झारखंड सरकार क्रिसमस के पहले मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं के खाते में 2500 रुपये भेजेगी। राज्य सरकार इसके लिए तैयारी कर रही है।
समाज कल्याण विभाग की मानें तो 22 या 23 दिसंबर को मंईयां सम्मान योजना की बढ़ी हुई राशि महिलाओं के खाते में आएगी। सीएम हेमंत सोरेन ने इसकी अनुमति दे दी है। बता दें चुनाव से पहले हेमंत सरकार ने आखिरी कैबिनेट की बैठक में योजना की राशि को 1000 से बढ़ा कर 2500 रुपये कर दी थी और यह पहली बार होगा जब महिलाओं के खाते में 2500 रुपये आएंगे। विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद अब हेमंत सरकार इस पर अमल कर रही है।
झारखंड सरकार न सिर्फ पैसे देगी बल्कि उनके खाते में पैसे चले गए हैं इसकी जानकारी भी उनतक पहुंचाएगी। सरकार ने इसके लिए 1.5 करोड़ एसएसएस की खरीद एजेंसी से की है.। महिलाओं के खाते में पैसे भेजने के बाद उन्हें फोन में मैसेज कर इसकी जानकारी दी जाएगी।