पटना। बिहार में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास विहीन अथवा कच्चे मकान में रहने वाले परिवारों की पहचान की जाएगी और घर दिया जाएगा. इसके लिए 10 से 31 जनवरी तक सर्वेक्षण का काम चलेगा.
8053 पंचायतों में सर्वेक्षण: सरकार के मुताबिक 8053 पंचायत में आवास एप के माध्यम से सर्वेक्षण का काम होगा. बिहार सरकार की तरफ से लंबे समय से आवास बिन परिवारों की नई सूची बनाने की मांग केंद्र सरकार से की जा रही थी. केंद्र की अनुमति मिलने के बाद नई सूची इस वित्तीय वर्ष में तैयार हो जाएगी
बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि पूर्व में बनी सूची के आधार पर इस योजना का लाभ लाभार्थियों को दिया जा रहा था। हालांकि, कई ऐसे परिवार हैं जो योग्य होने के बावजूद प्रतीक्षा सूची में शामिल नहीं हो सके।
मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि 2018-19 में पिछली बार सर्वेक्षण किया गया था। तब से कई नए परिवार योजना के दायरे से बाहर रह गए। इस बार सर्वेक्षण के जरिए इन परिवारों को योजना में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘जिनके पास पक्का मकान नहीं है, उन्हें पीएम आवास योजना के तहत घर मिलेगा।’