रांची। मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत आने वाली महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। जनवरी में इस योजना का लाभ जिन महिलाओं को मिल रहा है उन्हें 2500 रुपए नहीं, 5000 रुपए मिलेंगे। उनके खाते में 2500-2500 रुपए की 2 किस्तें ट्रांसफर की जाएगी। इसके तहत दिसंबर-2024 की राशि 6 जनवरी तथा जनवरी-2025 की 11 जनवरी को जारी की जाएगी।
राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत छह जनवरी को राज्य स्तरीय कार्यक्रम नामकोम के खोजाटोली स्थित आर्मी ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 56 लाख महिला लाभुकों के खाते में हस्तांतरित करेंगे। हालांकि, कई लाभुकों के खाते में पहले ही राशि हस्तांतरित कर दी गई है।
मुख्यमंत्री सांकेतिक रूप से पांच लाभुकों को राशि प्रदान करेंगे। इस कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में महिलाएं भाग लेंगी। महिला एवं बाल विकास विभाग ने पहले ही राशि सभी जिलों को जारी कर दी है।छह जनवरी को महिलाओं के खाते में राशि पहुंचने की सूचना उनके मोबाइल पर भेजी जाएगी, जिसके लिए राज्य सरकार ने डेढ़ करोड़ बल्क एसएमएस का पैक खरीदा है।
पहले यह कार्यक्रम 28 दिसंबर को ही आयोजित होनेवाला था, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के निधन के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। बताते चलें कि इस योजना के तहत मिलनेवाली राशि एक हजार रुपये से बढ़ाकर ढाई हजार रुपये कर दी गई है।