पटना। बिहार सरकार ने किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया है। बिहार सरकार ने किसानों को ड्रोन की सुविधा देने का निर्णय लिया है। इतना ही नहीं बल्कि ड्रोन खरीदने पर किसानों को अनुदान भी दिया जाएगा। मंगलवार को मंत्री मंगल पांडेय ने कृषि भवन परिसर में कृषि कार्य में ड्रोन की उपयोगिता की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
इसमें ड्रोन से खेती करने के इच्छुक छह जिला पटना, सीवान, सारण, भोजपुर, वैशाली एवं नालंदा के सैकड़ों प्रगतिशील किसान उपस्थित हुए. बताया गया कि नीतीश सरकार खेती-किसानी के उद्देश्य से खरीदे जाने वाले ड्रोन पर 60 प्रतिशत राशि या अधिकतम 3.65 लाख रुपये तक का अनुदान दे रही है। चालू वित्तीय वर्ष (2024-25) में राज्य के सभी 101 अनुमंडलों में एक-एक कृषि ड्रोन खरीदने का लक्ष्य है।
कृषि मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना से ये योजना सामने आई और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन से इसे जमीन पर उतारा गया है। किसानों के बीच ड्रोन तकनीक तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। कीटनाशकों के अनुप्रयोग में ड्रोन का उपयोग करने की असीम संभावनाएं हैं।
ड्रोन से फसलों पर सटीक मात्रा में पौधा संरक्षण रसायनों एवं उर्वरकों का छिड़काव किया जा सकता है। मंगल पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा ‘नमो ड्रोन दीदी योजना’ के अंतर्गत जीविका के महिला समूहों को 201 ड्रोन वितरण की योजना है।