दुबई। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 264 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया को इस लक्ष्य तक ले जाने में स्टीव स्मिथ और एलेक्स कैरी का अहम योगदान रहा। स्टीव स्मिथ ने 96 गेंदों पर 73 रन की पारी खेली तो वहीं एलेक्स कैरी ने 57 गेंदों पर 61 रन बनाए। वहीं शुरुआत में ट्रेविस हेड ने भी 33 गेंदों पर 39 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। भारत की ओर शमी ने 3, हार्दिक पांड्या 1, वरुण 2, जडेजा 2 और अक्षर ने एक विकेट लिया।
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन में दो बड़े बदलाव हुए हैं। मैथ्यू शॉर्ट की जगह कूपर कोनोली खेल रहे हैं, वहीं तेज गेंदबाज जॉनसन की जगह स्पिनर तनवीर संघा को मौका मिला है। अगर आज रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में हरा देती है तो कंगारू टीम इस टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी और भारत को टिकट टू फिनाले मिल जाएगा।
फिलहाल आज के मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी लग रहा है। टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं।
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत ने तीन मुकाबले खेले हैं और तीनों ही मुकाबले जीते हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ जीत हासिल की थी, उसके दो मुकाबले (दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान) बारिश की भेंट चढ़ गए थे। भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 ग्रुप स्टेज में बांग्लादेश, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को मात दी। अब टीम इंडिया की नजरें इस मैच को जीतकर फाइनल में जगह पक्की करने पर होगी।