मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश एटीएस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ATS ने हिजबुल मुजाहिदीन के आंतकी उल्फत हुसैन को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार उल्फत हुसैन कश्मीर के पुंछ का रहने वाला है। इस आंतकी पर 25 हजार का इनाम रखा गया था और साल 2002 से फरार चल रहा था।
आतंकवादी उल्फत हुसैन उर्फ मोहम्मद सैफुल ने 1999-2000 में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में आतंकी ट्रेनिंग ली थी। फिर मुरादाबाद आकर किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। जांच में पता चला कि उल्फत हुसैन हिजबुल मुजाहिद्दीन का सक्रिय सदस्य रह चुका है। मुरादाबाद के अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-14 ने 2015 और 2025 में उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया था।
गिरफ्तार आतंकी से जांच एजेंसियों की पूछताछ जारी है। सुरक्षा एजेंसियां यह जांच कर रही हैं कि क्या वह किसी नए आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा था या किसी बड़ी साजिश की तैयारी में था। उसे जल्द ही कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।