दरभंगा। बिहार के दरभंगा में होली के त्योहार को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। बता दें कि इस साल होली और रमजान के जुम्मे का दिन एक साथ पड़ रहा है। दोनों त्योहारों के साथ होने के कारण देश के विभिन्न हिस्सों में लगातार बयानबाजी हो रही है। होली को ध्यान में रखते हुए कई राज्यों में अनेक जगहों पर नमाज के समय को आगे बढ़ा दिया गया है। हालांकि, दरभंगा जिले की मेयर अंजुम आरा ने दरभंगा शहर के वासियों से कहा है कि साढ़े बारह बजे से दो बजे तक होली को रोका जाए क्योंकि जुम्मा का टाइम आगे नहीं जा सकता। दरभंगा की मेयर के इस बयान के बाद अब भाजपा के विधायक हरिभूषण ठाकुर ने मेयर पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने मेयर अंजुम आरा को गजवा-ए-हिंद और आतंकवादी मानसिकता का बता दिया है।
मेयर आतंकवादी मानसिकता की महिला- MLA
भाजपा विधायक हरिभूषण ठाकुर ने कहा- “दरभंगा की मेयर गजवा-ए-हिंद और आतंकवादी मानसिकता की महिला हैं। वह जिस परिवार से वो आती हैं, उनका पुराना इतिहास रहा है। होली होगी और संपूर्ण जगह पर होगी। जिनको पसंद नहीं है वो परहेज करें। आरजेडी, कांग्रेस और कम्युनिस्ट लोग कहां हैं? चुप क्यों हो गए हैं? वो आग लगाने की कोशिश कर रही हैं, वो आग नहीं लगेगी। ऐसे लोगों पर प्रशासन सख्त से सख्त कार्रवाई करे। होली नहीं रुकेगी और 1 मिनट के लिए भी नहीं रुकेगी। कहां गए राजद और कांग्रेस के लोग जो तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति के तहत मेरे बयान पर हंगामा मचा रहे थे। आज उनकी बोलती क्यों बंद है। कहीं कुछ बंद नहीं होगा, खूब भयंकर ढ़ंग से होली होगा।
बिहार सरकार में मंत्री संजय सरावगी ने भी दरभंगा की मेयर अंजुम आरा के बयान पर रिएक्शन दिया है। उन्होंने कहा- “सभी धर्मों के लोगों को सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए। सनातन धर्म प्रेम, स्नेह और भाईचारे का संदेश देता है। यह बयान बिल्कुल उचित नहीं है और यह मानसिकता भी सही नहीं है। ऐसी मानसिकता बदलनी चाहिए और यह बयान किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं है।