नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने वनडे क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। मैक्सवेल आईपीएल 2025 के दौरान चोटिल हो गए थे और इसी वजह से वो बीच टूर्नामेंट से बाहर हो गए। हालांकि वे टी20 फॉर्मेट में उपलब्ध रहेंगे और अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप तक खेलने की योजना में हैं। 36 साल के मैक्सवेल ने ‘द फाइनल वर्ड’ पॉडकास्ट के ज़रिए यह ऐलान किया।
मैक्सवेल ने कहा, ‘2027 वर्ल्ड कप तक मेरा शरीर साथ नहीं देगा, ऐसे में बेहतर होगा कि कोई और मेरी जगह ले और टीम के साथ लंबे वक्त तक जुड़े।’ मैक्सवेल ने माना कि 2022 में टांग टूटने के बाद उनका शरीर लगातार ODI क्रिकेट के लिए जूझ रहा था।
मैक्सवेल ने कहा, ‘मुझे लगा कि मैं टीम को थोड़ा निराश कर रहा हूं, क्योंकि शरीर परिस्थितियों के अनुसार काम नहीं कर रहा। मैंने जॉर्ज बेली के साथ अच्छी बातचीत की और मैंने उनसे पूछा कि आगे के बारे में उनके क्या विचार हैं। हमने 2027 विश्व कप के बारे में बात की और मैंने उनसे कहा कि मुझे नहीं लगता कि मैं इसमें सफल हो पाऊंगा, अब समय आ गया है कि मेरी स्थिति में लोगों के लिए योजना बनाई जाए ताकि वे इस स्थिति को अपना बना सकें।’