मेरठ| बुधवार सुबह मेरठ के कई प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले, जिससे अभिभावकों और स्कूल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। धमकी में कहा गया था कि स्कूल परिसरों में कई जगह विस्फोटक लगाए गए हैं और जल्द ही विस्फोट किया जाएगा।
धमकी मिलने वाले स्कूलों में सत्यकाम इंटरनेशनल, केएल इंटरनेशनल और मेरठ पब्लिक स्कूल समेत 10 स्कूल शामिल हैं। ईमेल में स्कूलों को “खूनी मंजर” में तब्दील करने की धमकी दी गई थी। ईमेल अंग्रेजी भाषा में था और इसमें हमले की समयसीमा का भी उल्लेख किया गया था।
मेरठ स्कूल फेडरेशन के सचिव अनुज शर्मा ने बताया कि इस धमकी के बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली, लेकिन कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के चलते अधिकतर स्कूल बंद थे, जिससे राहत रही। शर्मा ने अंदेशा जताया कि यह किसी शरारती तत्व की करतूत हो सकती है।
इस घटना के कुछ घंटे पहले, आगरा के दो स्कूलों को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए थे। वहां भी तत्काल सुरक्षा जांच की गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। गौरतलब है कि इससे पहले ताजमहल, रेलवे स्टेशन और अन्य संवेदनशील स्थलों को भी ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं, जो बाद में झूठी साबित हुई थीं। वर्तमान में साइबर सेल इस ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।