नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 वर्षीय बच्ची की जान चली गई, जबकि उसके पिता और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा शुक्रवार देर रात करीब 12:30 बजे सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई अस्पताल के पास हुआ।
जानकारी के मुताबिक, गुल मोहम्मद नामक व्यक्ति अपनी बेटी आयत और एक रिश्तेदार राजा के साथ स्कूटी से इलाज के बाद अस्पताल से घर लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार से आ रही बीएमडब्ल्यू कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर दूर जाकर गिरे। आयत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गुल मोहम्मद और राजा को गंभीर चोटें आईं। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने कार सवार दो युवकों अभिषेक और यश को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी छात्र हैं और घटना के समय नशे में थे।
पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष ने थाना सेक्टर-20 में रिपोर्ट दर्ज कराई है। हादसा चाइल्ड पीजीआई के गेट नंबर-3 के पास हुआ, जब स्कूटी सवार परिवार दवा दिलाने के बाद अपने घर सेक्टर-45 लौट रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार को जब्त कर लिया है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।