कोलकाता। एक वक्त था जब बांग्लादेशी मॉडल और अभिनेत्री शांता पॉल की तस्वीरें फैशन रैंप और सोशल मीडिया पर छाई रहती थीं। उनके ग्लैमरस लुक, आत्मविश्वास और स्टाइल ने उन्हें मॉडलिंग की दुनिया में खास पहचान दिलाई थी। लेकिन अब शांता पॉल का नाम एक अलग ही वजह से सुर्खियों में है इस बार वजह है उनकी गिरफ़्तारी।
कोलकाता पुलिस ने शांता पॉल को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारत में अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शांता के पास से नकली आधार कार्ड और वोटर आईडी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। 8 अगस्त को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जिसके बाद पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है।
बांग्लादेश के बारीसाल की रहने वाली शांता ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। ‘फ्रेश लुक’ नामक मॉडल हंट शो से उन्हें पहली बार पहचान मिली थी। इसके बाद उन्होंने 2019 में मिस एशिया ग्लोबल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जहां वे टॉप-5 में पहुंचीं और ‘मिस ब्यूटीफुल आइज़’ का टाइटल भी जीता। मॉडलिंग की सफलता के बाद शांता ने कई फैशन शोज़ और रैंप वॉक्स में भाग लिया। इसके साथ ही उन्होंने टेलीविज़न विज्ञापनों और बंगाली व दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी काम किया। उनकी सोशल मीडिया पर भी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग थी।
लेकिन अब उनके करियर को बड़ा झटका लगा है। फर्जी पहचान पत्रों के सहारे भारत में लंबे समय से रहना एक गंभीर आरोप है। जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि वे इतने वर्षों तक कैसे बगैर किसी संदेह के भारत में रह पाईं। यदि आरोप सिद्ध होते हैं, तो उन्हें न केवल देश से निष्कासित किया जा सकता है, बल्कि कानूनी सज़ा भी हो सकती है।