पटना। बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर बयान देते हुए राजनीतिक दलों पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मैच कराना गलत नहीं है, लेकिन नेताओं का विरोधाभासी व्यवहार देश की गरिमा और जनता की भावनाओं से खिलवाड़ करता है।
पप्पू यादव ने कहा कि रिश्तों में कटुता को लगातार बढ़ाना उचित नहीं है। लेकिन जब चुनाव आते हैं तो नफरत का माहौल बनाया जाता है, जैसे युद्ध होने वाला हो। उन्होंने कहा कि विदेश नीति में राजनीति करना और देश के सम्मान की अनदेखी करना अनुचित है। “जब लाभ कमाने की बारी आती है तो सब चुप्पी साध लेते हैं, लेकिन सरहद पर गोलियां चलती हैं और हमारे सैनिक शहीद होते हैं, यह क्यों भुला दिया जाता है?” उन्होंने सवाल उठाया।
तेजस्वी यादव के कार्यक्रम से जुड़े एक वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को गाली देना निंदनीय है। “मां के लिए अपशब्द कहना अपराध है। जिसने ऐसा किया है, उसे पार्टी से बाहर करना चाहिए और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए,” उन्होंने कहा।
लालू परिवार में चल रही खींचतान पर उन्होंने कहा कि यह उनका निजी मामला है और इसमें वे दखल नहीं देंगे। “राजनीतिक परिवारों में ऐसे मतभेद होते रहते हैं। किसी एक घटना से राजनीति को जोड़ना सही नहीं है। परिवारों के बिखराव के पीछे कई कारण होते हैं, जिन्हें सुलझाना जरूरी है,” पप्पू यादव ने जोड़ा।