नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व कप्तान मिथुन मन्हास भारतीय BCCI के नए अध्यक्ष बन गए हैं। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सबसे पहले अपने एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी साझा की और बताया कि मिथुन मन्हास को आधिकारिक तौर पर यह जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
जम्मू-कश्मीर में जन्मे मन्हास के नाम की चर्चा पहले से ही थी और उम्मीद जताई जा रही थी कि 28 सितंबर को होने वाली BCCI की वार्षिक आम बैठक (AGM) में उनका नाम औपचारिक रूप से घोषित किया जाएगा। AGM में यही फैसला लिया गया और वे इस प्रतिष्ठित पद पर आसीन हो गए।
मिथुन मन्हास से पहले सौरव गांगुली और रोजर बिन्नी बतौर क्रिकेटर BCCI अध्यक्ष रह चुके हैं। अब मन्हास इस सूची में तीसरे नाम बन गए हैं। दिलचस्प बात यह है कि वे पहले ऐसे अनकैप्ड खिलाड़ी हैं जिन्होंने BCCI की कमान संभाली है। उन्होंने रोजर बिन्नी की जगह ली है, जिन्हें उम्र सीमा पूरी होने के कारण पद छोड़ना पड़ा।
BCCI अध्यक्ष बनने से पहले मन्हास जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन में एडमिनिस्ट्रेटर रह चुके हैं और दलीप ट्रॉफी में नॉर्थ जोन के कन्वेनर की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। इसके अलावा वे IPL फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस के सपोर्ट स्टाफ का भी हिस्सा रह चुके हैं।