लखनऊ। उत्तर प्रदेश के वृंदावन से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां आस्था के नाम पर एक महिला के साथ धोखाधड़ी और दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ है। आरोपी ने खुद को संत प्रेमानंद महाराज का भक्त बताकर महिला को झांसे में लिया और मुलाकात का झूठा वादा करके उसके साथ दुष्कर्म किया।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 12 सितंबर की है। आरोपी की पहचान सुंदरम राजपूत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसने सोशल मीडिया के जरिए पीड़िता से संपर्क किया था। दोनों के बीच कुछ समय तक बातचीत चलती रही, इसी दौरान आरोपी ने महिला से कहा कि वह प्रेमानंद महाराज से उनकी निजी मुलाकात करवा सकता है।
पीड़िता, जो एक धार्मिक प्रवृत्ति की महिला बताई जा रही है, प्रेमानंद महाराज की श्रद्धालु थी। आरोपी ने इसी श्रद्धा का फायदा उठाया। उसने 10 अगस्त को महिला से संपर्क किया और करीब एक महीने बाद बताया कि मुलाकात की तारीख तय हो गई है।
महिला अपने भाई के साथ 12 सितंबर को वृंदावन पहुंची। आरोपी ने उसके भाई से कहा कि आश्रम थोड़ा आगे है और वहां वाहन नहीं जा सकते। उसने भाई को पार्किंग में रुकने को कहा और महिला को अपने साथ बाइक पर ले गया। लेकिन आश्रम की जगह वह उसे “राधाकृष्ण धाम” नामक होटल में ले गया। वहां आरोपी ने कॉफी मंगवाई, जिसमें उसने कथित रूप से नशीला पदार्थ मिला रखा था।
कोतवाली प्रभारी संजय पांडे ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।