पाकिस्तान एक बार फिर आतंक के साये में है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने अफगानिस्तान से घुसपैठ की कोशिश कर रहे आतंकवादियों पर बड़ी कार्रवाई की है। सेना के मुताबिक, चार आत्मघाती हमलावरों समेत कुल 25 आतंकवादी मारे गए हैं।
सेना ने बताया कि आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में पांच सुरक्षाकर्मी भी शहीद हुए। शुक्रवार रात उत्तरी वजीरिस्तान और कुर्रम जिलों में चलाए गए इन अभियानों के दौरान भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक जब्त किए गए। सुरक्षाबलों ने अफगान सीमा के पास दो बड़े आतंकी समूहों की गतिविधियों का पता लगाया और उन्हें घेर लिया।पाकिस्तानी सेना के बयान में कहा गया कि मारे गए आतंकियों में चार आत्मघाती हमलावर शामिल थे, जो फितना अल ख्वारिज नामक समूह से जुड़े हुए थे। यह समूह प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से संबद्ध बताया जा रहा है।
प्रतिबंधित संगठन TTP पर सरकार की कार्रवाई
पाकिस्तान सरकार ने पिछले साल TTP को फितना अल ख्वारिज के रूप में अधिसूचित किया था। यह नाम इस्लामी इतिहास के एक हिंसक समूह के संदर्भ में दिया गया था।सेना ने बताया कि उसी दिन कुर्रम जिले के गाकी इलाके में 10 और आतंकवादी मारे गए। उनके पास से हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है।
देश में बढ़ रहे आतंकी हमले
पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान में आतंकी हमलों की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। खासकर खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकियों ने पुलिस, सुरक्षा बलों और सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया है। ये हमले उस समय बढ़े जब प्रतिबंधित TTP ने 2022 में सरकार के साथ हुए संघर्षविराम समझौते को तोड़ दिया था।पिछले हफ्ते भी सुरक्षा बलों ने खैबर पख्तूनख्वा में किए गए अभियानों में 34 आतंकवादियों को मार गिराया था।