मनोज तिवारी
हरदोई। हरदोई के पाली थाना क्षेत्र के रामापुर मिश्र गांव में शनिवार सुबह को खेत जुताई के दौरान रोटावेटर में से कट कर एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी होने पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को रोटावेटर से बाहर निकलवा कर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम को भेज दिया, घटना से परिवार सहित गांव में हड़कंप मच गया।
पाली थाना क्षेत्र के रामापुर मिश्र गांव निवासी लाल बहादुर पुत्र चौबे बरगदिया गांव निवासी एक व्यक्ति के ट्रैक्टर से अपने खेत की जुताई करवाने के लिए शनिवार सुबह को गया था। खेत जुताई के दौरान ट्रैक्टर पर बैठे लाल बहादुर ने सर्दी से बचने के लिए ओढी शाल रोटावेटर में फंस गई, जिससे लाल बहादुर भी रोटावेटर में खिंच गया और कुछ ही पलों में उसकी रोटावेटर से कट कर दर्दनाक मौत हो गई।
जब तक ट्रैक्टर चालक सोनू पुत्र रामकुमार कुछ समझ पाता, लाल बहादुर के शरीर के टुकड़े हो चुके थे। जानकारी होने पर सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई, पुलिस को घटना की सूचना दी गई। ग्रामीणों ने बताया कि लाल बहादुर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, उसके एक बेटी और तीन बेटे हैं।
वहीं पुलिस ने ट्रैक्टर और रोटावेटर को कब्जे में लिया तथा शव को काफी मेहनत के बाद रोटावेटर से बाहर निकलवाया और पंचनामा की कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में लिया गया है, अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।