प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के *आई. क्यू. ए. सी. प्रकोष्ठ* , *आउटरीच गतिविधि प्रकोष्ठ* , तथा *मानवविज्ञान विभाग* , इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आज दिनाँक 7/11/2025 को स्नातक, परास्नातक, शोधार्थियों और शिक्षकों के 45 सदस्यीय संयुक्त दल ने कौशांबी जिले की बारा ग्राम पंचायत में वृहत स्तर पर आउटरीच गतिविधियों और जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की परम आदरणीय कुलपति महोदया माननीया प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव की प्रबुद्ध प्रेरणा से ओतप्रोत और इलाहाबाद विश्वविद्यालय द्वारा पूर्णतया वित्तपोषित इस आउटरीच कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने गाँव के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सर्वप्रथम नीम के पौधे को लगा कर आउटरीच गतिविधि का प्रारंभ किया।
तत्पश्चात विभागाध्यक्ष प्रो. राहुल पटेल ने विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित की जाने वाली आउटरीच गतिविधियों के उद्देश्यों से ग्रामप्रधान और ग्रामवासियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य, स्वच्छता, टीकाकरण, व्याधियों से बचाव, पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण एवं जल स्रोतों का संरक्षण इस आउटरीच गतिविधि के विशेष बिंदु होंगे, जिस हेतु जनजागरूकता रैली, पोस्टर प्रदर्शन, नुक्कड़ नाटक, ट्रांसेक्ट वॉक, फोकस ग्रुप डिस्कशन, सहभागी कार्रवाई अनुसंधान आदि गतिविधियां आयोजित की जाएगी। आगे प्रो. पटेल ने बताया कि विश्वविद्यालय में अर्जित ज्ञान का विद्यार्थी किस तरह से ग्रामीण विकास हेतु सशक्त उपयोग कर सकते हैं और कैसे स्वयं के ज्ञान का वर्धन कर सकते हैं, यह आउटरीच गतिविधि से बहुत सार्थक तरीके से संभव है। डॉ. खिरोद चंद्र मोहराना और डॉ. शैलेन्द्र मिश्र ने ग्राम विकास के विविध पहलुओं पर लोगों को अनेक जानकारियां प्रदान की।
विभाग के पोस्ट डॉक्टोरल फेलो डॉ. संजय द्विवेदी ने स्किल डेवलपमेंट पर बच्चों को जागरूक किया।
विभाग की अन्य शिक्षक प्रोफेसर रूमा पुरकैट ने महिलाओं के स्वास्थ्य पर चर्चा की। साथ ही विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने बच्चों को पौधरोपण हेतु प्रेरित कर गांव के बीच में उन बच्चों के हाथों से ही नीम के पौधों का रोपण करवाया। “एक पेड़ माँ के नाम” के नारों के बीच गांव के नन्हे- मुन्ने बच्चों और विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम’ का उदघोष भी किया। तत्पश्चात गतिविधियों की अगली कड़ी में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों, शोधार्थियों तथा शिक्षकों ने उपस्थित सभी ग्रामीणों और पंचायत सचिव तथा वरिष्ठ ग्रामीण श्री कांत यादव के साथ ट्रांसेक्ट वॉक का आयोजन किया जिसके अंतर्गत बारा ग्राम के सभी हिस्सों का पैदल भ्रमण किया गया और उसके साथ गांव में उपलब्ध सभी प्राकृतिक संसाधनों, मानवजनित संरचनाओं और जल स्रोतों का खाका खींचा गया। पेय जल के स्रोतों तथा तालाबों और कुओं की स्थिति भी समझने की कोशिश की गई। पोस्टर प्रदर्शन और जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से किये गए उदघोष और नारों के बीच बातचीत कर ग्रामीणों के मन के कौतूहल को विद्यार्थियों ने पूरी ऊर्जा और तन्मयता के साथ शांत करने का पूरा प्रयास किया और अनुसूची तथा फीडबैक प्रोफार्मा भर कर ज्ञान का सृजन किया।
विद्यार्थियों ने गांव के मध्य में स्थित चौराहे पर पुरुषों में व्याप्त नशाखोरी और नशे की प्रवृत्ति को केंद्र में रख कर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया और इससे होने वाली बीमारी , पारिवारिक कलह, मानसिक विकृतियों तथा दुर्घटनाओं इत्यादि समस्याओं के प्रति सजग किया। चारों तरफ खड़ी महिलाओं और बच्चियों ने खूब तालियां बजाई और सहभागियों का उत्साहवर्धन किया। ग्रामीण महिलाओं और पुरुष दोनों ने ही विद्यार्थियों के प्रयासों को खूब सराहा और नशा न करने का संकल्प लिया और ग्रामीणों ने यह भी कहा कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय उनके लिए सोचता है, विद्यार्थियों को उनके जीवन में कुछ सुधार करने के लिए भेजा है इस हेतु आभार।ग्रामवासियों ने बच्चों से खुल कर अपनी वास्तविक सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक , राजनैतिक और स्वास्थ्य से संबंधिक स्थितियों को साझा किया।
विभाग के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के प्रति आभार प्रकट किया कि उनको आउटरीच के माध्यम से ग्रामीणों के जीवन के व्यवहारिक पक्ष को नज़दीक से समझने का अवसर प्राप्त हो सका। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मानवविज्ञान विषय से अनेकों बी.ए., बी.एस.सी. और एम.ए./एम.एस.सी. के विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने जिनमें अभिषेक कुमार, शिवांशु सिंह, अन्वेषा कश्यप, अमृता यादव, श्वेता केसरी, वीर अर्जुन प्रकाश सिंह, श्री उपाध्याय, अनन्या कुशवाहा, संकल्प कुमार सिंह, प्रियोदित त्रिपाठी, राशी सिंह, श्रेयांश पांडे, रिया यादव, शुभी दुबे, कुश पांडे, जूही चौधरी, शिखा यादव, विष्णु, मानसी सिंह राठौर, सत्यम श्रीवास्तव, प्रियंवदा पाण्डेय, आकाश राज, अनूप कुमार चौबे, सृष्टि मिश्रा, इशिका रॉय, श्रेयांशी सिंह, डी आशुतोष, प्रियांशी सिंह, अंजली यादव, शिल्पी यादव, आयुष कुमार गुप्ता, ऋषभ कुमार पांडेय,उत्कर्ष मिश्र, अर्जुन सिंह, आकाश कुशवाहा, शोध छात्र के रूप में चंचल सिंह, पूजा यादव, हर्ष पाण्डेय, भुवनेश सिंह, प्रशांत कुमार आदि ने पूरे जोश के साथ अपनी सहभागिता की।वीरपाल मीणा ने विभागीय कर्मी के रूप में सहयोग किया।
गतिविधियों के दौरान ग्राम प्रधान श्री अजय कुमार तथा पंचायत सचिव श्री अमित सिंह और ग्राम प्रधान के पिता एवं समाज के जागरूक व्यक्ति श्रीकांत यादव जी का उच्च स्तरीय सहयोग प्राप्त हुआ। सभी ग्रामवासियों ने सहर्ष पूरी टीम का उत्साहवर्धन और अभिवादन किया। राष्ट्रगान के साथ प्रथम चरण की आउटरीच गतिविधि का समापन किया गया।





