नई दिल्ली। पूर्व मंत्री और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का कथित मास्टरमाइंड और गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से डिपोर्ट कर आज (19 नवंबर, बुधवार) भारत लाया गया। लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल अमेरिकी अधिकारियों द्वारा डिपोर्ट किए गए लोगों के साथ एक ही फ्लाइट से दिल्ली पहुंचा, जहां NIA ने एयरपोर्ट पर ही उसे हिरासत में ले लिया।
अनमोल को सुरक्षा एजेंसियां सीधे पटियाला हाउस कोर्ट लेकर जाएंगी। उसके खिलाफ देशभर में कई हाई-प्रोफाइल मामलों में जांच चल रही है।
सिद्धू मूसेवाला, बाबा सिद्दीकी मर्डर और सलमान खान फायरिंग केस में भूमिका
एजेंसियों के मुताबिक, अनमोल बिश्नोई कई बड़े मामलों में मुख्य प्लानर रहा है। इनमें शामिल हैं:
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड
पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर की गई हत्या (12 अक्टूबर 2024, बांद्रा)
सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग केस
इन मामलों में पहले से दर्ज चार्जशीट और गिरफ्तारियों में बार-बार उसका नाम सामने आता रहा है। NIA ने अनमोल पर 10 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
अमेरिका-कनाडा में बदलता रहा लोकेशन, फर्जी रूसी पासपोर्ट बरामद
सूत्रों के अनुसार, अनमोल लगातार अमेरिका और कनाडा के बीच अपनी लोकेशन बदलकर एजेंसियों से बचता रहा। उसे हाल ही में कनाडा से हिरासत में लिया गया। उसके पास से फर्जी दस्तावेजों पर बना रूसी पासपोर्ट भी मिला। 2024 में उसे अमेरिका में भी हिरासत में लिया जा चुका है।
मुंबई पुलिस ने भी अनमोल को अपनी कस्टडी में लेने के लिए अदालत में आवेदन की तैयारी कर ली है। प्रत्यर्पण के लिए मुंबई पुलिस पहले ही दो प्रस्ताव भेज चुकी थी।
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में मास्टरमाइंड
12 अक्टूबर 2024 को बांद्रा में बाबा सिद्दीकी के बेटे के ऑफिस के बाहर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में अनमोल बिश्नोई को मुख्य साजिशकर्ता माना गया।