नई दिल्ली। दुबई एयर शो के दौरान भारतीय वायुसेना का तेजस लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे देखकर किसी का भी दिल दहल सकता है।
तेजस विमान की इस दुखद दुर्घटना पर भारतीय वायुसेना का आधिकारिक बयान सामने आया है। बयान में बताया गया है कि इस घटना में पायलट की मौत हो गई है। वायुसेना ने पायलट के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि इस कठिन समय में वह शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है।
सूत्रों के अनुसार, दुबई में एयर शो के दौरान यह हादसा दोपहर करीब 2 बजकर 10 मिनट पर हुआ। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ ही क्षणों में तेजस विमान अपना नियंत्रण खो देता है और सीधा जमीन पर गिर जाता है। टकराते ही विमान में आग लग जाती है और कुछ ही सेकंड में वह एक विशाल आग के गोले में बदल जाता है, जिसे कई किलोमीटर दूर से भी देखा गया।
भारतीय वायुसेना ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी का गठन किया जा रहा है। दुबई मीडिया ऑफिस के हवाले से बताया गया कि भारत का तेजस लड़ाकू विमान एयर शो में प्रदर्शन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जिसमें पायलट की दुखद मृत्यु हो गई। हादसे के तुरंत बाद अग्निशमन और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंच गईं और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया।