पंजाब पुलिस की स्पेशल एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने बुधवार को डेरा बस्सी-अंबाला हाईवे पर हुई मुठभेड़ में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के चार गुर्गों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के दौरान दोनों पक्षों से गोलीबारी भी हुई। टास्क फोर्स ने विशेष रणनीति के तहत गैंग के विदेशी सदस्य गोल्डी ढिल्लों के निर्देशानुसार काम कर रहे चारों आरोपियों को हथियारों के साथ धर दबोचा।
पंजाब पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार राज्य को सुरक्षित बनाने के अभियान के तहत यह गिरफ्तारी एक बड़ी सफलता है।
पुलिस के अनुसार, AGTF ने एसएएस नगर पुलिस के साथ मिलकर डेरा बस्सी-अंबाला हाईवे पर स्टील स्ट्रिप्स टावर्स के पास दोपहर में हुई गोलीबारी के बाद इन बदमाशों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
हरविंदर सिंह उर्फ भोला/हनी (ढकनसू कलां, राजपुरा, पटियाला)
लखविंदर सिंह (राजपुरा, पटियाला)
मोहम्मद समीर (राजपुरा, पटियाला)
रोहित शर्मा (राजपुरा, पटियाला)
पुलिस ने इनके पास से 7.32 कैलिबर की पिस्तौल और 70 जिंदा कारतूस बरामद किए।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने अपने विदेशी आकाओं के निर्देश पर ट्राइसिटी और पटियाला क्षेत्र में हमलों की योजना बनाई थी। मामले की पूरी गुत्थी सुलझाने के लिए आगे की जांच जारी है।