फिरोजपुर निवासी आरएसएस नेता बलदेव राज अरोड़ा के बेटे नवीन अरोड़ा की हत्या के मुख्य आरोपी बादल महमू की रविवार को जोया टोल प्लाज़ा के पास पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी फिरोजपुर रेंज हरमनबीर सिंह गिल और एसएसपी फिरोजपुर भूपिंदर सिंह सिद्धू मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
हथियार बरामदगी के दौरान हुई फायरिंग
पुलिस के अनुसार, टीम बादल महमू को उसके छिपाए गए हथियार बरामद करवाने के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपियों के छिपे हुए साथियों ने अचानक पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बादल महमू मारा गया।
मुठभेड़ में एक पुलिस कर्मी गोली लगने से घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दो आरोपी फरार, जांच तेज
डीआईजी गिल ने बताया कि बादल के दो साथी मौके से फरार हो गए। उन्होंने कहा कि पुलिस इस पूरे नेटवर्क के काफी करीब पहुंच चुकी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठा दिया जाएगा। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि इस हत्याकांड में एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया है।
15 नवंबर को हुई थी हत्या
उल्लेखनीय है कि 15 नवंबर को फिरोजपुर में मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने नवीन अरोड़ा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस जांच के दौरान अब तक कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पिछले सप्ताह आरिफके गांव में हुई एक अन्य मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इस मामले के एक और प्रमुख संदिग्ध गुरसिमरन सिंह को भी काबू किया था।